पंचकूला , अगस्त 06 -- हरियाणा पुलिस ने फर्जी पार्ट टाइम जॉब का झांसा देकर एक महिला से लाखों रुपये की साइबर ठगी करने के आरोप में राजस्थान से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने गुरुवार को बताया कि आरोपी ने महिला को मोबाइल पर 'पार्ट टाइम जॉब' और 'घर बैठे हजारों रुपये कमाने' का लालच देने वाले संदेश भेजकर अपने झांसे में लिया। इसके बाद विभिन्न बहानों से महिला से लाखों रुपये अलग-अलग खातों में ट्रांसफर करा लिए।
हरियाणा पुलिस के प्रवक्ता के मुताबिक, महिला ने 20 हजार रुपये कमीशन के लालच में अपना बैंक खाता साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। इसी खाते के जरिए ठगी की रकम का लेन-देन किया गया।
पुलिस के अनुसार, महिला को पहले टेलीग्राम पर पार्ट टाइम जॉब का मैसेज भेजा गया और फिर उसे व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर ऑनलाइन टास्क और निवेश के नाम पर बार-बार पैसे जमा करवाए गए। बाद में पता चला कि यह पूरा साइबर ठगी का जाल था।
तकनीकी जांच के बाद पुलिस ने राजस्थान के जोधपुर निवासी विनोद को गिरफ्तार कर लिया। उसे अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश कर रही है।
हरियाणा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर आने वाले ऐसे किसी भी नौकरी या निवेश के लालच में न आएं। किसी अनजान व्यक्ति को बैंक खाता, ओटीपी या एटीएम से जुड़ी जानकारी साझा न करें। साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत 1930 हेल्पलाइन पर संपर्क करें या साइबर पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराएं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित