बैतूल , अगस्त 08 -- मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में 'घर-घर तिरंगा, हर घर तिरंगा' अभियान को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जिला स्तरीय बैठक शनिवार को जिला पार्टी कार्यालय में आयोजित की गयी।

बैठक में तिरंगा यात्रा को भव्य, गरिमापूर्ण और व्यापक बनाने के साथ अधिक से अधिक युवाओं, पूर्व सैनिकों, प्रबुद्धजनों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया।

बैठक को संबोधित करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा की रूपरेखा उसकी भव्यता और गरिमा को ध्यान में रखकर तैयार की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि यात्रा में पूर्व सैनिकों, समाज के प्रभावी व्यक्तित्वों और प्रबुद्धजनों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाए। प्रबुद्धजनों के नेतृत्व में यात्रा आयोजित करने से इसकी गरिमा और प्रभाव बढ़ेगा।

श्री खंडेलवाल ने कहा कि तिरंगा यात्रा में देशप्रेम के साथ युवाशक्ति का समावेश महत्वपूर्ण है। उन्होंने स्कूली बच्चों की भागीदारी को देखते हुए यात्रा के दौरान सुरक्षा मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। साथ ही प्रत्येक 100 मीटर पर देशभक्तों पर पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत करने की व्यवस्था करने को कहा।

जिले के प्रभारी मंत्री नरेंद्र शिवाजी पटेल ने कहा कि तिरंगा यात्रा में शैक्षणिक, सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों को जोड़कर इसे व्यापक स्वरूप दिया जाए। उन्होंने कहा कि शहीदों की स्मृति और स्वतंत्रता प्राप्ति के अवसर पर आयोजित होने वाली इस यात्रा को ऐतिहासिक और भव्य बनाना सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है।

जिला संगठन प्रभारी एवं पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता ने पदाधिकारियों और मंडल प्रभारियों से प्रत्येक बूथ तक पहुंचकर कार्यकर्ताओं से संपर्क बनाए रखने तथा पार्टी के निर्धारित कार्यक्रमों की जानकारी देने को कहा।

जिलाध्यक्ष सुधाकर पवार ने तिरंगे के सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि 15 अगस्त की शाम तिरंगे को सम्मानपूर्वक उतारकर सुरक्षित रखा जाए। उन्होंने तिरंगे के साथ सेल्फी लेकर उसे सोशल मीडिया पर साझा करने और यात्रा मार्ग में महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास स्वच्छता अभियान चलाने की बात कही। उन्होंने प्लास्टिक के तिरंगे का उपयोग नहीं करने की अपील भी की।

बैठक में विभाजन विभीषिका स्मृति दिवस को लेकर जिला संयोजक एवं जिला महामंत्री कृष्णा गायकी ने जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 14 अगस्त को जिला भाजपा कार्यालय में प्रदर्शनी आयोजित की जाएगी। इस दौरान नशामुक्त समाज के निर्माण को लेकर जागरूकता अभियान भी चलाया गया और उपस्थित लोगों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई।

बैठक में विधायक डॉ. योगेश पंडाग्रे, चंद्रशेखर देशमुख, गंगाबाई उइके, महेंद्र सिंह चौहान और जिला पंचायत अध्यक्ष राजा पवार सहित भाजपा के पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। संचालन जिला उपाध्यक्ष रश्मि साहू ने किया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित