जयपुर , अप्रैल 25 -- राजस्थान को कृषि नवाचार और एग्रीटेक निवेश का अग्रणी केंद्र बनाने की दिशा ग्लोबल राजस्थान एग्रीटेक मीट (ग्राम)-2026 के तहत रविवार को बेंगलुरु में रोड शो आयोजित किया जाएगा।

आधिकारिक सूत्रों के अनुसार कार्यक्रम का आयोजन राज्य के कृषि विभाग द्वारा किया जा रहा है। यह रोड शो देश के प्रमुख टेक और स्टार्टअप हब बेंगलुरु में आयोजित किया जा रहा है, जिसका उद्देश्य एग्रीटेक क्षेत्र में निवेश आकर्षित करना, तकनीकी साझेदारियों को बढ़ावा देना तथा राजस्थान की कृषि क्षमताओं और नीतिगत प्रोत्साहनों को उद्योग जगत के समक्ष प्रस्तुत करना है।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा एवं कृषि एवं उद्यानिकी मंत्री डॉ किरोड़ी लाल मौजूद रहेंगे। वे राज्य में कृषि और एग्रीटेक क्षेत्र के विकास, निवेश-अनुकूल वातावरण और भविष्य की रणनीतियों पर अपने विचार साझा करेंगे।

ग्राम-2026 की शृंखला की शुरुआत जयपुर में आयोजित कर्टेन रेज़र कार्यक्रम से हुई और इसके बाद इसके तहत नई दिल्ली में रोड शो आयोजित किया गया। अब इसी क्रम को आगे बढ़ाते हुए बेंगलुरु में रोड शो आयोजित किया जा रहा है ताकिदेश के प्रमुख निवेश और टेक हब्स में ग्राम-2026 के लिए व्यापक सहभागिता सुनिश्चित की जा सके।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित