मुंबई , सितंबर 16 -- तापसी पन्नू अभिनीत नेटफ्लिक्स फिल्म 'गांधारी' ने वैश्विक स्तर पर नया रिकॉर्ड बनाया है। फिल्म ने रिलीज के दूसरे सप्ताह में 9.6 मिलियन व्यूज़ और 18.7 मिलियन वॉच ऑवर्स दर्ज किए हैं।नेटफ्लिक्स के आधिकारिक वैश्विक आंकड़ों के अनुसार, किसी भारतीय नेटफ्लिक्स ओरिजिनल फिल्म के लिए एक सप्ताह में यह सर्वाधिक व्यूअरशिप है। फिल्म नॉन-इंग्लिश फिल्मों के वैश्विक चार्ट में पहले स्थान पर पहुंच गई है। यह 17 देशों में नंबर एक पर ट्रेंड कर रही है, जबकि 58 देशों में शीर्ष 10 में शामिल है।
फिल्म ने पहले सप्ताह में 5.9 मिलियन व्यूज़ और 11.5 मिलियन वॉच ऑवर्स हासिल किए थे। दूसरे सप्ताह में इसकी व्यूअरशिप में उल्लेखनीय वृद्धि हुई।
'गांधारी' लेखिका और निर्माता कनिका ढिल्लों की नेटफ्लिक्स के साथ लगातार चौथी फिल्म है। वहीं, तापसी पन्नू और कनिका ढिल्लों की जोड़ी की यह तीसरी नेटफ्लिक्स फिल्म है। इससे पहले दोनों 'हसीन दिलरुबा' और 'फिर आई हसीन दिलरुबा' में साथ काम कर चुकी हैं।
तापसी पन्नू ने कहा कि दुनियाभर में फिल्म को मिल रहा प्यार और लगातार बढ़ती व्यूअरशिप बेहद शानदार अनुभव है। उन्होंने कहा कि दर्शकों का फिल्म को शुरुआती प्रदर्शन से आगे लेकर जाना उनके साथ बने जुड़ाव को दर्शाता है।
कनिका ढिल्लों ने दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि दूसरे सप्ताह में मिली जबरदस्त व्यूअरशिप इस बात का संकेत है कि दर्शकों ने फिल्म की कहानी को पसंद किया है। उन्होंने नेटफ्लिक्स और मोनिका शेरगिल का भारतीय कहानियों को समर्थन देने के लिए धन्यवाद किया।
कथा पिक्चर्स निर्मित और देवाशीष मखीजा निर्देशित 'गांधारी' एक मां की कहानी है, जो अपने अपहृत बच्चे को बचाने के लिए तमाम मुश्किलों का सामना करती है। फिल्म दुनियाभर में नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम हो रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित