जालंधर , सितंबर 01 -- पंजाब के बागवानी एवं रक्षा सेवा कल्याण मंत्री मोहिंदर भगत ने मंगलवार को न्यू गौतम नगर में 'क्लीन पंजाब मिशन' के तहत आयोजित सफाई अभियान में हिस्सा लिया।

उन्होंने स्वयं सड़क पर झाड़ू लगाकर स्वच्छता कर्मियों के साथ सफाई की और लोगों से इस अभियान को निरंतर जन आंदोलन बनाने की अपील की।

श्री भगत ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार ने 29 अगस्त को 'क्लीन पंजाब मिशन' शुरू किया है, जिसका उद्देश्य कूड़े के स्थानों को साफ करना और राज्यभर में स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल सरकार या नगर निकायों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने स्थानीय निवासियों से सफाई अभियानों में सक्रिय रूप से भाग लेने और साफ किये गये स्थानों पर दोबारा कूड़ा नहीं डालने की अपील की।

उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने आसपास का वातावरण साफ रखने की जिम्मेदारी निभाये तो शहरों को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल किया जा सकता है। उन्होंने लोगों से खुले में कूड़ा फेंकने और कचरे को अनियमित तरीके से जमा करने से बचने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि 'क्लीन पंजाब मिशन' का उद्देश्य केवल कूड़े के ढेर हटाना नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में स्थायी बदलाव लाना भी है। उन्होंने निवासियों से सफाई कर्मचारियों और स्थानीय निकायों का सहयोग करने तथा घरेलू कचरे का उचित निपटारा सुनिश्चित करने को कहा।

राज्यभर में 29 अगस्त से आठ सितंबर तक चलाये जा रहे 10 दिवसीय अभियान के दौरान चिह्नित कूड़ा संवेदनशील स्थानों को साफ करने के साथ-साथ वहां दोबारा कूड़ा जमा न होने के लिए सरकारी विभागों, नगर निकायों और स्थानीय समुदायों के बीच समन्वय पर जोर दिया जा रहा है। श्री भगत ने कहा कि स्वच्छता अभियान को सरकारी कार्यक्रम से आगे बढ़ाकर जन आंदोलन में बदलने के लिए लोगों की निरंतर भागीदारी बेहद जरूरी है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित