मुंबई , जुलाई 31 -- नेटफ्लिक्स की आगामी सीरीज 'ऑपरेशन सफेद सागर' का प्रेरणादायक गीत 'दिलवाले दिलसाज़ परिंदे' रिलीज कर दिया गया है। यह गीत भारतीय वायुसेना के युवा पायलटों के साहस, जज़्बे और बलिदान को समर्पित है।
सात अगस्त को सीरीज के प्रीमियर से पहले जारी इस गीत को टी-सीरीज़ ने प्रस्तुत किया है। कारगिल युद्ध के दौरान भारतीय वायुसेना के साहसिक अभियानों की पृष्ठभूमि पर आधारित यह गीत वर्दी के पीछे छिपी मानवीय भावनाओं, सपनों, रिश्तों और कर्तव्यनिष्ठा को उजागर करता है।
गीत को अमित त्रिवेदी ने कंपोज और अरेंज किया है, जबकि अपनी दमदार आवाज़ से इसे सुखविंदर सिंह ने सजाया है। गीत और रैप गीत सागर ने लिखे और प्रस्तुत किए हैं। 'दिलवाले दिलसाज़ परिंदे' में बुलंद धुनों और प्रभावशाली बोलों के माध्यम से उन पायलटों की कहानी कही गई है, जिन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी देश के लिए अपने कर्तव्य का निर्वहन किया।
म्यूजिक वीडियो में सीरीज के किरदारों के बीच दोस्ती, साहस और भाईचारे की झलक दिखाई गई है। गीत की पंक्तियां 'दिलवाले दिलसाज़ परिंदे, हम अंबर के जांबाज़ परिंदे' भारतीय वायुसेना के जांबाज़ों के अदम्य साहस को अभिव्यक्त करती हैं।
गीत के बारे में सुखविंदर सिंह ने कहा कि 'ऑपरेशन सफेद सागर' जैसी कहानी के लिए गाना गाना बेहद भावुक अनुभव रहा। उन्होंने कहा कि यह गीत भारतीय वायुसेना के उन बहादुर पायलटों को श्रद्धांजलि है, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए हर चुनौती का सामना किया। उन्होंने अमित त्रिवेदी की कंपोज़िशन और गीत सागर के बोलों की भी सराहना की।
ओनी सेन निर्देशित इस सीरीज का निर्माण अभिजीत सिंह परमार और कुशल श्रीवास्तव ने किया है। सीरीज में सिद्धार्थ, जिमी शेरगिल, अभय वर्मा, दीया मिर्ज़ा, प्राजक्ता कोली, आदिल हुसैन, मिहिर आहूजा, तारुक रैना, अर्णव भसीन और अमृता बागची प्रमुख भूमिकाओं में हैं।
'ऑपरेशन सफेद सागर' भारत के इतिहास के एक महत्वपूर्ण अध्याय को पर्दे पर प्रस्तुत करती है। यह सीरीज भारतीय वायुसेना के सबसे युवा स्क्वाड्रन द्वारा अंजाम दिए गए एक महत्वपूर्ण अभियान की कहानी पर आधारित है।
'ऑपरेशन सफेद सागर' का प्रीमियर सात अगस्त को नेटफ्लिक्स पर होगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित