रुद्रपुर (उधम सिंह नगर) , अक्टूबर 22 -- उत्तराखंड की उधम सिंह नगर पुलिस ने नानकमत्ता क्षेत्र में लगभग 10 घंटे तक "आपरेशन सफाया" अभियान के तहत 10 अवैध तमंचों के साथ 10 लोगों को गिरफ्तार किया है।

ऊधमसिंह नगर मीडिया सेल के अनुसार इस अभियान में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति स्वयं मौजूद रहे तथा एसपी सिटी रुद्रपुर के नेतृत्व में 10 पुलिस टीमों का गठन किया गया जिसने एक साथ कार्रवाई की।

इस अभियान के तहत 10 आरोपियों से 315 और 12 बोर के 10 अवैध तमंचे, 13 कारतूस और तीन खोखा कारतूस बरामद हुए। आबकारी अधिनियम के तहत चार लोगों को गिरफ्तार कर 350 लीटर से अधिक कच्ची शराब बरामद की गई। चार भट्टियां नष्ट कर करीब 10,000 लीटर लाहन भी नष्ट किया गया।

अभियान में दो वारंटी गिरफ्तार किए गए, जबकि 14 संदिग्धों को बीएनएसएस की धारा 172 के तहत हिरासत में लिया गया। एक संदिग्ध के पास से सात क्यूआर कोड स्कैनर और करीब 12 लाख रुपये नकद मिले, जिसके चलते पुलिस साइबर अपराध की आशंका जता रही है। मामले में पूछताछ और आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

अभियान में क्षेत्राधिकारी खटीमा, काशीपुर और सितारगंज के पर्यवेक्षण में नानकमत्ता कोतवाली के साथ झनकईया, पुलभट्टा और दिनेशपुर थानों का पुलिस बल, पीएसी, एसओजी, पुलिस लाइन और एंटी-राइट टीम शामिल रहीं।

बताया जा रहा है कि पुलिस जिले के अन्य थाना क्षेत्रों में भी इसी तरह का अभियान चलाएगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित