हरिद्वार , मई 20 -- उत्तराखंड पुलिस मुख्यालय देहरादून द्वारा चलाए जा रहे "ऑपरेशन प्रहार" अभियान के तहत हरिद्वार पुलिस लगातार नशा तस्करों पर शिकंजा कस रही है। इसी कड़ी में बुधवार को कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक तस्कर को 11.84 ग्राम अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है।

हरिद्वार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देशन मे प्रभारी निरीक्षक बहादराबाद के नेतृत्व में मादक पदार्थों की तस्करी रोकने के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत गठित पुलिस टीम ने बहादराबाद क्षेत्र की नहर पटरी पर जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक को पकड़ा। तलाशी लेने पर उसके कब्जे से 11.84 ग्राम अवैध स्मैक बरामद हुई।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान विनीत चौधरी पुत्र सतीश निवासी ग्राम खानपुर, कोतवाली भगवानपुर, हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली बहादराबाद में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वाले नशा तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित