किशनगंज , अक्टूबर 04 -- बिहार में किशनगंज पुलिस ने मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ 'ऑपरेशन क्लीन' के तहत दो अलग-अलग कार्रवाई में करीब 82 लाख रुपये मूल्य का स्मैक और गांजा जब्त कर दो तस्करों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक संतोष कुमार ने रविवार को संवाददाता सम्मेलन में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पहली कार्रवाई पूरबपाली-मलद्वार मार्ग पर की गई, जहां पश्चिम बंगाल के मलद्वार निवासी निखिल मंडल को 408 ग्राम स्मैक के साथ गिरफ्तार किया गया। वह शहर में मादक पदार्थ की आपूर्ति करने आ रहा था।

दूसरी कार्रवाई शहर के बस स्टैंड पर की गई, जहां इस्लामपुर थाना क्षेत्र निवासी सत्तार शेख को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके शरीर में छिपाकर रखे गये 3.888 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। वह कूचबिहार से गांजा लेकर पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद में आपूर्ति करने जा रहा था।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि जब्त स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 80 लाख रुपये और गांजा की कीमत दो लाख रुपये है। दोनों आरोपितों के विरुद्ध स्वापक औषधि एवं मन:प्रभावी पदार्थ अधिनियम (एनडीपीएस) के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित