जयपुर , सितंबर 28 -- केन्द्र सरकार के संस्कृति मंत्रालय के तहत पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र उदयपुर के तत्वाधान में एक से चार अक्टूबर तक यहां'ऑक्टेव 2026' आयोजन किया जायेगा जिसमें पूर्वाेत्तर भारत की समृद्ध संस्कृति से लोग रूबरू होंगे।
पश्चिम क्षेत्र सांस्कृतिक केंद्र उदयपुर के निदेशक डॉ. अश्विन एम. दलवी ने सोमवार को यहां मीडिया को यह जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर-पूर्व के आठ राज्यों की संस्कृति से ओतप्रोत यह आयोजन राजस्थान इंटरनेशनल सेंटर (आरआईसी) के सहयोग से होगा। इस चार दिवसीय कार्यक्रम का उद्घाटन एक अक्टूबर की शाम सात बजे होगा।
डॉ दलवी ने बताया कि उन्होंने बताया कि उद्घाटन समारोह राजस्थान के राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे मुख्य अतिथि होंगे जबकि केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत समारोह की अध्यक्षता करेंगे। आरआईसी के निदेशक निहाल चंद गोयल भी इस अवसर पर मौजूद रहेंगे।
'ऑक्टेव' केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय का प्रमुख सांस्कृतिक आयोजन है, जिसका उद्देश्य पूर्वाेत्तर भारत की कला और सांस्कृतिक विरासत को देश के विभिन्न हिस्सों तक पहुंचाना और वहां की विविध परंपराओं से लोगों को रूबरू कराना है। इस बार जयपुर में अरुणाचल प्रदेश, असम, मणिपुर, मेघालय, मिजोरम, नागालैंड, सिक्किम और त्रिपुरा की लोक एवं शास्त्रीय नृत्य परंपराओं, संगीत, पारंपरिक परिधानों, शिल्प, चित्रकला और खानपान यानी संपूर्ण संस्कृति देखने को मिलेगी। इसमें 250 से अधिक लोक कलाकारों को तरुण प्रधान कोरियोग्राफ करेंगे।
उन्होंने बताया कि दो और तीन अक्टूबर को मणिपुरी रास की प्रस्तुति होगी। तीन और चार अक्टूबर को असम के शास्त्रीय नृत्य सत्रिया की प्रस्तुति होगी। सिक्किम का सिंघी छम यानी स्नो लायन नृत्य और तमांग सेलो, त्रिपुरा का होजागिरी और ममिता तथा अरुणाचल प्रदेश का जुजु-झा-झा और ताई खामती नृत्य भी समारोह में पूर्वाेत्तर की सांस्कृतिक विविधता के अलग-अलग रंग बिखेरेंगे।
एक और दो अक्टूबर को होने वाला पारंपरिक वेशभूषा प्रदर्शन (एथनिक कॉस्ट्यूम शो) भी समारोह का प्रमुख आकर्षण होगा। इसमें आठों पूर्वाेत्तर राज्यों के पारंपरिक परिधान और आभूषण प्रदर्शित किये जायेंगे। तीन अक्टूबर को नागालैंड का समूह गायन प्रस्तुत किया जाएगा। चार अक्टूबर को समापन समारोह में सत्रिया और विभिन्न लोक नृत्यों के साथ नागालैंड के 'डिवाइन कनेक्शन' रॉक बैंड की प्रस्तुति होगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित