रायबरेली , जुलाई 12 -- उत्तर प्रदेश के उद्यान, कृषि विपणन, कृषि विदेश व्यापार एवं कृषि निर्यात विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दिनेश प्रताप सिंह ने रविवार को रायबरेली के खीरो स्थित सरस्वती इंटर कॉलेज में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में 'वृक्षारोपण महायज्ञ-2026' का शुभारंभ किया। उन्होंने 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत हरिशंकरी (बरगद, पीपल और पाकड़) के पौधे रोपकर अधिक से अधिक वृक्ष लगाने और उनके संरक्षण का आह्वान किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि वृक्ष केवल पर्यावरण संरक्षण का माध्यम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान जनआंदोलन का रूप ले चुका है, जो प्रत्येक नागरिक को अपनी मां के सम्मान और प्रकृति संरक्षण से जोड़ने का प्रेरणादायी प्रयास है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के तहत 35 करोड़ पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसमें रायबरेली भी सक्रिय भागीदारी कर रहा है।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन से हुआ। इस दौरान 'हरित उत्तर प्रदेश' विषय पर आयोजित चित्रकला प्रतियोगिता की प्रदर्शनी का अवलोकन कराया गया तथा मियावाकी पद्धति से विकसित सघन वनीकरण और आधुनिक पौधरोपण तकनीकों पर आधारित लघु फिल्मों का प्रदर्शन किया गया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित