पंचकूला , अगस्त 17 -- हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के निर्देशों पर प्रदेश में चलाए जा रहे 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत पंचकूला जिले में पांच हजार पौधे रोपे गये है।

आयुष विभाग ने जिले में 14 अगस्त को 5,000 पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित किया था, जिसे विभिन्न पार्कों, व्यायामशालाओं, विद्यालयों और आयुष संस्थानों के परिसरों में पौधे लगाकर पूरा किया गया।

महानिदेशक आयुष विभाग, हरियाणा संजीव वर्मा के दिशा-निर्देशों के तहत चलाए गए अभियान में आयुष विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों, योग सहायकों, विद्यार्थियों, जनप्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. दिलीप कुमार मिश्रा ने व्यायामशाला में औषधीय पौधे रोपे और स्टाफ, योग सहायकों तथा ग्रामीणों को पौधारोपण के साथ उनकी नियमित देखभाल के लिए प्रेरित किया।

सेक्टर-20 के पार्षद राकेश गोयल एवं प्रियंका, पूर्व मेयर उपेन्द्र आहलुवालिया तथा पार्क कमेटी के सदस्यों ने भी पौधारोपण किया। जिले के विभिन्न पार्कों और व्यायामशालाओं में पार्षदों के सहयोग से पौधे लगाए गए। इसके अलावा आयुष संस्थानों, योग व्यायामशालाओं, विद्यालयों और अन्य उपयुक्त स्थानों पर भी पौधारोपण किया गया।

अभियान का उद्देश्य हरित क्षेत्र बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाना और स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण तैयार करना है। लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित करने के लिए संबंधित संस्थानों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

जिला आयुर्वेदिक अधिकारी ने लोगों से अपील की कि वे अपनी मां के सम्मान में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी भी निभाएं। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ, स्वस्थ और सुरक्षित पर्यावरण की नींव मजबूत करेगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित