बैतूल , जुलाई 05 -- मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के स्वैच्छिकता पर्व अभियान के तहत बैतूल जिले के ग्राम कान्हावाड़ी में रविवार को 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से अर्जुनगोंदी गांव में जामुन के पौधे लगाए गए तथा पूर्व में लगाए गए सागौन के पौधों के संरक्षण का कार्य भी किया गया।

कार्यक्रम के दौरान अर्जुनगोंदी गांव में 15 जामुन के पौधे लगाए गए। साथ ही पहले से लगाए गए 25 सागौन के पौधों के आसपास सफाई कर उनके संरक्षण के लिए थाले तैयार किए गए। वक्ताओं ने कहा कि पौधरोपण तभी सार्थक होगा, जब पौधों की नियमित देखभाल और संरक्षण सुनिश्चित किया जाए।

कार्यक्रम में ग्रामीणों को पर्यावरण संरक्षण, जलवायु संतुलन और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन के प्रति जागरूक किया गया। इस अवसर पर सामाजिक कार्यकर्ता नरेंद्र उइके, जिला समन्वयक संतोष सिंह राजपूत तथा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारियों सहित ग्राम पंचायत के सचिव, सहसचिव, रोजगार सहायक और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।

इस दौरान वन अधिकार अधिनियम के तहत वन भूमि सीमांकन कार्य का भी शुभारंभ किया गया। अर्जुनगोंदी, पिपरी और कान्हावाड़ी क्षेत्र के ग्रामीणों ने पैदल भ्रमण कर सीमांकन प्रक्रिया शुरू की। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों ने पौधों की सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण और प्राकृतिक संसाधनों के संवर्धन का संकल्प लिया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित