मुंबई , फरवरी 20 -- स्टार प्लस के पॉपुलर शो 'उड़ने की आशा' में हिमांशी पाराशर की सिमरन के रूप में बहुप्रतीक्षित एंट्री होनेवाली है। हिमांशी पाराशर की एंट्री कहानी में एक बड़ा मोड़ लेकर आनेवाली है। अमृतसर के खूबसूरत बैकड्रॉप पर आधारित इस कहानी में अब एक इमोशनल टर्न देखने को मिलेगा, जहाँ सचिन (कंवर ढिल्लों) शहर में एक ड्राइवर के तौर पर काम करता नजर आ रहा है। वहीं, साइली (नेहा हरसोरा) भी अमृतसर पहुँचती है, लेकिन उसे आनेवाले बदलावों का जरा भी अंदाजा नहीं है।इस सब के पीछे एक गहरी उथल-पुथल छिपी है। सचिन अपने दिल में एक बड़ा दुख लेकर काम पर निकल गया है, क्योंकि उसे यकीन है कि साइली ने उसे धोखा दिया है और उसका भरोसा तोड़ा है। आमने-सामने बात करने के बजाय उसने दूरी बनाना बेहतर समझा और अपना दर्द काम में भुलाने की उम्मीद लिए वह अमृतसर चला गया। उससे बेखबर, साइली भी उसी शहर पहुँच जाती है, इस इरादे के साथ कि वह सचिन का टूटा हुआ दिल जोड़ेगी और उन गलतफहमियों को दूर करेगी जिन्होंने उन्हें अलग कर दिया है। इसी इमोशनल सफर के दौरान, सचिन की मुलाकात सिमरन (हिमांशी पाराशर) से होती है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित