मुंबई , सितंबर 04 -- ़ी स्टूडियोज और प्रेरणा अरोड़ा की आगामी पैन-इंडिया मायथोलॉजिकल एक्शन-फैंटेसी फिल्म 'इंद्रपुत्र' अपनी घोषणा के बाद से चर्चा में है। किरण अब्बावरम की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म को बड़े मायथोलॉजिकल यूनिवर्स की शुरुआत के रूप में तैयार किया जा रहा है। इसी बीच दिग्गज अभिनेत्री खुशबू सुंदर का नाम भी फिल्म से जुड़ने की चर्चा है।

हालांकि, खुशबू सुंदर के फिल्म का हिस्सा बनने को लेकर अभी मेकर्स या अभिनेत्री की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में फिलहाल इसे महज अटकलों के तौर पर देखा जा रहा है। यदि खुशबू फिल्म से जुड़ती हैं, तो अलग-अलग भाषाओं में उनकी लोकप्रियता के कारण इसकी पैन-इंडिया अपील और मजबूत हो सकती है।

श्रीकांत पुप्पला के निर्देशन में बन रही 'इंद्रपुत्र' भारतीय पौराणिक कथाओं से प्रेरित है। बताया जा रहा है कि फिल्म की कहानी में जगन्नाथ मंदिर और भगवान कृष्ण से जुड़े पहलुओं की अहम भूमिका होगी। इसमें माइथोलॉजी, फैंटेसी और एक्शन के साथ समकालीन किरदारों और कहानी को जोड़े जाने की बात कही गई है।

फिल्म में किरण अब्बावरम एक अलग अवतार में नजर आएंगे। उनके किरदार में भावनात्मक गहराई के साथ शारीरिक बदलाव की भी जरूरत बताई जा रही है।

निर्देशक श्रीकांत पुप्पला भारतीय पौराणिक विरासत को बड़े सिनेमाई पैमाने पर पेश करने की तैयारी में हैं। फिल्म में बड़े स्तर का एक्शन, फैंटेसी और पौराणिक संदर्भ देखने को मिल सकते हैं। मेकर्स इसे अलग-अलग भाषाओं और पीढ़ियों के दर्शकों तक पहुंचाने की योजना बना रहे हैं।

फिल्म फिलहाल प्री-प्रोडक्शन चरण में है और इसकी शूटिंग 26 अक्टूबर से शुरू होने की उम्मीद है। आने वाले समय में फिल्म की अन्य कास्ट और तकनीकी टीम को लेकर आधिकारिक घोषणाएं की जा सकती हैं। खुशबू सुंदर की संभावित कास्टिंग पर भी तस्वीर आधिकारिक घोषणा के बाद ही साफ होगी।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित