जालंधर , जुलाई 19 -- देश-विदेश में प्रसिद्ध हॉकी ब्रांड 'इंडियन महाराजा' के संस्थापक और डी.डी. मेहता एंड कंपनी, बस्ती नौ के प्रबंध निदेशक अनिल डी. मेहता का रविवार सुबह निधन हो गया।

उनके निधन से खेल जगत, विशेषकर हॉकी समुदाय में शोक की लहर दौड़ गयी है। अनिल डी. मेहता सुरजीत हॉकी सोसायटी, जालंधर के संस्थापक सदस्यों में शामिल थे। उन्होंने वर्ष 1984 से आयोजित किये जा रहे देश के प्रतिष्ठित सुरजीत हॉकी टूर्नामेंट की स्थापना और उसे सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभायी। हॉकी के प्रचार-प्रसार और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने में उनके योगदान को हमेशा सम्मान के साथ याद किया जाएगा। उन्होंने अपने विश्व प्रसिद्ध हॉकी ब्रांड 'इंडियन महाराजा' के माध्यम से भारतीय हॉकी को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नयी पहचान दिलायी। खेल उपकरणों के क्षेत्र में उनकी दूरदृष्टि और समर्पण के कारण यह ब्रांड भारत ही नहीं, बल्कि दुनिया के कई देशों में लोकप्रिय हुआ।

सुरजीत हॉकी सोसायटी के अध्यक्ष और सभी सदस्यों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि अनिल डी. मेहता का खेलों, विशेषकर हॉकी के विकास में योगदान अविस्मरणीय रहेगा। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोक संतप्त परिवार को इस अपूरणीय क्षति को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

परिजनों के अनुसार अनिल डी. मेहता का अंतिम संस्कार सोमवार को अपराह्न दो बजे मॉडल टाउन श्मशान घाट, जालंधर में किया जाएगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित