रायपुर , सितंबर 15 -- छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने मंगलवार को राजधानी रायपुर के तेलीबांधा मरीन ड्राइव में सड़क किनारे मिट्टी के दीये बेच रही महिला विक्रेता मीरा से 'आशीर्वाद का दीया' कार्यक्रम के लिए एक दीया खरीदा और उसे एक हजार रुपये दिए।

मुख्यमंत्री का काफिला मरीन ड्राइव से गुजरने के दौरान मीरा के पसरे के पास रुका। सीएम साय ने वहां रखे मिट्टी के दीये देखे और मीरा से उसके कामकाज तथा परिवार के संबंध में बातचीत की। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ मिलने के बारे में भी जानकारी ली।

मीरा ने बताया कि प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत उसका बैंक खाता खुला है और राज्य सरकार की महतारी वंदन योजना के अंतर्गत उसे प्रतिमाह एक हजार रुपये की राशि मिल रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी योजनाओं की सार्थकता तभी है, जब उनका लाभ जरूरतमंदों तक सीधे पहुंचे और उनके जीवन को बेहतर बनाने में सहायक हो। उन्होंने स्थानीय विक्रेताओं, कुम्हारों, शिल्पकारों और छोटे व्यवसायियों से उत्पाद खरीदकर उन्हें प्रोत्साहित करने की अपील की।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित