मुंबई , जुलाई 07 -- फिल्म आवारापन 2 का पहला गीत वे जुनून रिलीज़ हो गया है। गीत में दिशा पाटनी और इमरान हाशमी की रोमांटिक केमिस्ट्री दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही है।गीत में इमरान हाशमी का किरदार बीती यादों और बिछड़ने की टीस से गुजरता दिखाई देता है, जबकि दिशा पाटनी उनकी यादों का अहम हिस्सा बनकर सामने आती हैं। दोनों कलाकारों के बीच भावनात्मक जुड़ाव को गीत में प्रमुखता से दर्शाया गया है।
दिशा पाटनी इस गीत में अपने अब तक के ग्लैमरस अंदाज़ से अलग एक सादगीपूर्ण और भावनात्मक भूमिका में नजर आ रही हैं। लाल रंग की पोशाक में वायलिन बजाने और सफेद परिधान में प्रार्थना करते उनके दृश्य गीत की भावनात्मक गहराई को उभारते हैं।
निर्माताओं के अनुसार, यह गीत फिल्म की प्रेम कहानी की झलक पेश करता है और दर्शकों को फिल्म के भावनात्मक परिवेश से जोड़ता है। इमरान हाशमी और दिशा पाटनी की जोड़ी को भी फिल्म की प्रमुख विशेषताओं में से एक माना जा रहा है।
मिथुन के संगीत, सईद क़ादरी के लिखे बोल और सुबोध शर्मा की आवाज़ से सजा 'वे जुनून' मूल 'आवारापन' की भावनात्मक शैली को आगे बढ़ाने का प्रयास करता है। गीत के माध्यम से दिशा पाटनी को फिल्म के नए अध्याय की प्रमुख नायिका के रूप में भी प्रस्तुत किया गया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित