मुंबई , अक्टूबर 19 -- बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की गाड़ी को दिनदहाड़े निशाना बनाकर की गई गोलीबारी की घटना के बाद फिल्म जगत को आश्वस्त करते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने सोमवार को कहा कि सरकार अभिनेता के साथ मजबूती से खड़ी है। उन्होंने हमले के आरोपियों को कहीं भी छिपे होने पर भी ढूंढ निकालने और उनके खिलाफ कार्रवाई करने का भरोसा दिलाया।
श्री फडणवीस ने रविवार शाम मुंबई के पॉश जुहू इलाके में अभिनेता श्राॅफ की कार पर मोटरसाइकिल सवार अज्ञात हमलावरों द्वारा की गई गोलीबारी के बाद सुरक्षा स्थिति पर बात करते हुए कहा, "हम सब आपके साथ हैं। हम जल्द ही आरोपियों को ढूंढ लेंगे। चिंता मत करो।"इस हमले में टाइगर श्राॅफ का कार चालक और एक राहगीर घायल हो गए, जबकि वह बाल-बाल बच गए। इस हाई-प्रोफाइल घटना ने मनोरंजन राजधानी में सदमे की लहरें दौड़ा दी हैं और इस पर तीखी राजनीतिक प्रतिक्रियाएं शुरू हो गई हैं।
श्री फडणवीस ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि मुंबई पुलिस ने रातों-रात बड़ी कामयाबी हासिल की है, ज़रूरी सुराग इकट्ठा किए हैं और खास संदिग्धों की पहचान की है। उन्होंने चेतावनी दी कि राज्य या देश के बाहर से काम कर रहे अपराधियों और उनके मास्टरमाइंड को केन्द्रीय एजेंसियों और दूसरे राज्य पुलिस बल के साथ मिलकर ढूंढा जाएगा और उनके नेटवर्क को खत्म किया जाएगा।
इस मामले की जांच आधिकारिक रुप से मुंबई अपराध शाखा को सौंप दी गई है, और इलाके में छानबीन के लिए 15 से ज़्यादा विशेष प्रशिक्षित टीमें तैनात की गई हैं। शहर में सेलिब्रिटी के घरों की सुरक्षा काफी कड़ी कर दी गई है, जबकि कानून प्रवर्तन एजेंसियां अपनी ताबड़तोड़ तलाशी जारी रखे हुए हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित