जगदलपुर, 12 जुलाई 2026 ( वार्ता ) छत्तीसगढ़ के बस्तर की प्राकृतिक सुंदरता, जनजातीय संस्कृति और पर्यटन स्थलों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रचारित करने के उद्देश्य से शुरू की गई 'आओ छत्तीसगढ़, देखो बस्तर' बाइक यात्रा का समापन सोमवार को जगदलपुर में होगा। अभियान से जुड़े पांच राइडर्स करीब तीन सप्ताह की लंबी यात्रा पूरी कर मां दंतेश्वरी मंदिर के समक्ष आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगे।

यह अभियान 20 जून को जगदलपुर से शुरू हुआ था। यात्रा में चंदन दास, समीर मनीष अय्यर, भगत सिंह बघेल और विवेक पेगड़ सहित पांच राइडर्स चार मोटरसाइकिलों पर देश के विभिन्न राज्यों और प्रमुख पर्यटन स्थलों तक पहुंचे। अभियान का उद्देश्य देशभर के बाइकर्स और पर्यटकों को बस्तर के पर्यटन, जनजातीय संस्कृति और बदलते सकारात्मक माहौल से परिचित कराना था।

यात्रा के दौरान दल ने भिलाई, सागर, झांसी, ग्वालियर और जीरकपुर सहित विभिन्न शहरों में बाइकर्स समूहों से मुलाकात कर उन्हें बस्तर भ्रमण के लिए आमंत्रित किया। इसके बाद टीम मनाली, अटल टनल, जांस्कर वैली, पदुम, लेह, खारदुंगला, नुब्रा वैली, पैंगोंग लेक, उमलिंगला और भारत-चीन सीमा स्थित डेमचोक तक पहुंची, जहां देशभर से आए हजारों बाइकर्स और पर्यटकों को चित्रकोट एवं तीरथगढ़ जलप्रपात, कांगेर घाटी राष्ट्रीय उद्यान, प्राकृतिक गुफाओं और बस्तर की जनजातीय संस्कृति की जानकारी दी गई।

दल ने पैंगोंग लेक में दो दिनों तक प्रवास कर पर्यटकों से संवाद किया। इसके अलावा कारगिल, श्रीनगर और अमृतसर में भी विभिन्न पर्यटक समूहों तथा बाइकर्स से मुलाकात कर उन्हें छत्तीसगढ़ और बस्तर आने का आमंत्रण दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित