बिलासपुर , अप्रैल 11 -- छत्तीसगढ़ में अरपा नदी और उसकी सहायक नदियों के संरक्षण के लिए बिलासपुर जिले में बिलासा कला मंच द्वारा आयोजित दो दिवसीय 'अरपा बचाओ अभियान यात्रा' शनिवार सुबह शुरू हो गयी। यह यात्रा सुबह आठ बजे राघवेंद्र राव सभा भवन से रवाना हुई, जिसमें बड़ी संख्या में पर्यावरण प्रेमी और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए।इस अभियान के संयोजक डॉ. सोमनाथ यादव के नेतृत्व में इसे चलाया गया है।
उल्लेखनीय है कि पिछले 20 वर्षों से यह मंच लगातार जल संरक्षण और नदियों को बचाने के लिए काम कर रहा है। इस बार भी यात्रा के जरिए अरपा नदी के उद्गम स्थल अमरपुर पेंड्रा से लेकर शिवनाथ नदी के संगम तक के क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया जा रहा है।
यात्रा के पहले दिन दल मंगला, घुटकू, भैंसाझार जलाशय और चांपी जलाशय होते हुए अमरपुर पेंड्रा पहुंचेगा, जहां इसका पहला चरण पूरा होगा। वहीं दूसरे दिन 12 अप्रैल को यात्रा पेंड्रा से खोडरी, खोंगसरा, कोनचरा, बेलगहना होते हुए रतनपुर पहुंचेगी। यहां स्थानीय लोगों के साथ तालाबों के संरक्षण और साफ-सफाई को लेकर चर्चा और अभियान चलाया जाएगा।
इसके बाद यात्रा सेंदरी और कोनी होते हुए शाम तक बिलासपुर लौटकर संपन्न होगी। यात्रा के दौरान दल विभिन्न स्थानों पर रुककर लोगों को जल स्रोतों के संरक्षण, नदियों की सफाई और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दे रहा है।
इस अभियान में डॉ. सुधाकर बिबे, राजेंद्र मौर्य, देवानंद दुबे, रामेश्वर गुप्ता, एम.डी. मानिकपुरी, अश्विनी पांडेय और अनूप श्रीवास सहित अन्य सदस्य सक्रिय रूप से शामिल हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित