पटना , जुलाई 26 -- ारतीय जनता पार्टी (भाजपा)के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने रविवार को कहा कि 'मन की बात' आज देश के करोड़ों नागरिकों को एक साझा उद्देश्य से जोड़ने वाला सशक्त जन-आंदोलन बन चुका है, जो राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ विकसित भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक को सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करता है। बांकीपुर विधानसभा के कदमकुआं मंडल स्थित बरनवाल भवन में कार्यकर्ताओं एवं आमजनों के साथ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 136वें संस्करण को सामूहिक रूप से सुना।

‎कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कारगिल विजय दिवस पर देश के वीर जवानों के अद्वितीय साहस और बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती रक्षा क्षमता, जल एवं पर्यावरण संरक्षण, खेल और शिक्षा के क्षेत्र में युवाओं की उल्लेखनीय उपलब्धियों, विज्ञान एवं अंतरिक्ष में भारत की प्रगति, 'वोकल फॉर लोकल' और पारंपरिक हस्तशिल्प के संरक्षण, महिला सशक्तिकरण तथा जनभागीदारी के माध्यम से राष्ट्र निर्माण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर देशवासियों से संवाद किया।

‎‎कार्यक्रम के बाद पत्रकारों से बातचीत में नितिन नवीन ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में हो रहे नवाचारों को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'मन की बात' के माध्यम से देश और दुनिया के लोगों तक पहुँचाने का कार्य किया है। इससे स्थानीय प्रतिभाओं, नवप्रवर्तकों और जनभागीदारी से जुड़े प्रयासों को नई पहचान और वैश्विक मंच मिला है।उन्होंने कहा कि जिस प्रकार प्रधानमंत्री ने पहले 'कैच द रेन' अभियान के माध्यम से जल संरक्षण को जन- आंदोलन बनाया, उसी प्रकार इस बार हैंडलूम और खादी को बढ़ावा देने का उनका आह्वान भी देश के पारंपरिक उद्योगों को नई पहचान देगा।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित