हज़ारीबाग़ , फरवरी 22 -- झारखंड के हज़ारीबाग़ जिले के बड़कागांव थाना क्षेत्र के एनटीपीसी के जुगरा गांव अवस्थित माइंस डब्लयूपी 3 डंप क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जिसमें जुगरा गाँव निवासी प्रीति देवी की मौत हो गई।

घटना के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर फैल गई है।

पुलिस सुत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, एनटीपीसी के त्रिवेणी सैनिक माइनिंग प्राइवेट लिमिटेड द्वारा डंपिंग कार्य किया जा रहा था। इसी दौरान डंप क्षेत्र से एक बड़ा पत्थर अचानक गिर गया, जिसकी चपेट में आकर प्रीति देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं।

घटना के बाद आनन-फानन में उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों में आक्रोश भी देखा गया। स्थानीय ग्रामीणों का आरोप है कि डंपिंग कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण इस तरह की दुखद घटनाएं हो रही हैं। ग्रामीणों ने कंपनी और संबंधित प्रबंधन से इस घटना की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है।

इधर घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए सख्त सुरक्षा व्यवस्था लागू करने की मांग की है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित