वॉशिंगटन , मई 24 -- अमेरिकी राष्ट्रपति कार्यालय व्हाइट हाउस के बाहर हुई गोलीबारी में मारे गये व्यक्ति ने पहले भी परिसर में घुसने की कोशिश की थी। अदालती दस्तावेजों के अनुसार, मानसिक बीमारी का उसका पुराना रिकॉर्ड था।
सीएनएन ने दस्तावेजों के हवाले से रिपोर्ट दी है कि शनिवार को ह्वाइट हाउस के बाहर एजेंटों की गोलीबारी में मारा गया 21 वर्षीय नासिर बेस्ट पहले भी सीक्रेट सर्विस के घेरे में आ चुका था। इनमें एक घटना यह भी शामिल है, जब उसे उसकी मर्जी के खिलाफ मनोरोग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। एक अन्य घटना में स्थानीय पुलिस ने उसे तब गिरफ्तार किया था, जब उसने खुद के 'जीसस क्राइस्ट' होने का दावा किया था।
बेस्ट से जुड़े सोशल मीडिया खातों पर ऐसे पोस्ट भी मिले हैं, जिनमें राष्ट्रपति ट्रम्प के खिलाफ हिंसा की धमकी दी गयी थी और साथ ही कुछ बयानों में उसने खुद को 'ईश्वर का पुत्र' कहा था।
सीक्रेट सर्विस के अनुसार, एजेंटों ने बेस्ट पर तब गोली चलायी, जब वह ह्वाइट हाउस के बाहर चेकपॉइंट के पास पहुंचा और उसने अधिकारियों पर फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में वहां मौजूद एक राहगीर भी घायल हो गया। घटना के समय राष्ट्रपति ट्रम्प ह्वाइट हाउस में ही थे और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।
अदालती दस्तावेजों में कहा गया है कि इस घटना से पहले के महीनों में बेस्ट कई बार ह्वाइट हाउस के आसपास देखा गया था। वह कथित तौर पर बार-बार परिसर के पास आने और विभिन्न प्रवेश द्वारों पर यह पूछने के लिए 'सीक्रेट सर्विस की नजरों में' था कि भीतर कैसे प्रवेश किया जाए।
दस्तावेजों से पता चलता है कि 26 जून 2025 को ह्वाइट हाउस परिसर के पास 'वाहनों के प्रवेश में बाधा डालने' के बाद उसे उसकी इच्छा के विरुद्ध मनोरोग अस्पताल में भेजा गया था।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित