नयी दिल्ली , सितंबर 14 -- केंद्रीय विद्युत, आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल ने अमेरिका के ह्यूस्टन में भारतीय समुदाय के साथ हिंदी दिवस मनाया और भारत-अमेरिका के बीच सांस्कृतिक एवं जन-जन के संबंधों को मजबूत करने में प्रवासी भारतीयों के योगदान की सराहना की।

श्री मनोहर लाल ने ह्यूस्टन स्थित भारतीय वाणिज्य दूतावास में 'एक पेड़ मां के नाम' पहल के तहत पौधारोपण कर 'स्वच्छता ही सेवा 2026' अभियान की शुरुआत की। उन्होंने नासा के जॉनसन अंतरिक्ष केंद्र का दौरा कर अंतरिक्ष क्षेत्र में भारत-अमेरिका सहयोग को मजबूत करने के अवसरों पर भी चर्चा की।

उन्होंने इंडिया हाउस में भारतीय प्रवासी समुदाय के स्वागत समारोह में भी हिस्सा लिया, जिसमें पेशेवरों, उद्यमियों, छात्रों और सांस्कृतिक एवं क्षेत्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। श्री मनोहर लाल ह्यूस्टन में 14 से 16 सितंबर तक होने वाली जी20 ऊर्जा प्रचुरता मंत्रिस्तरीय बैठक में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित