होशियारपुर , मई 22 -- पंजाब के होशियारपुर जिले में शुक्रवार को स्कूल वैन और टिप्पर ट्रक की टक्कर से सात स्कूली बच्चों समेत कुल आठ लोग घायल हो गए, जिनमें चार बच्चे और वैन चालक गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार हादसा दोसड़का-शाम चौरासी रोड पर गांव कडियाना के पास दोपहर करीब एक बजे हुआ। सन वैली इंटरनेशनल स्कूल, चक्कोवाल ब्राह्मणा की एक स्कूल वैन करीब 10 बच्चों को लेकर शाम चौरासी की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे टिप्पर ने वैन को साइड से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद टिप्पर सड़क से उतरकर पास के खेतों में जा रुका।

पुलिस के अनुसार वैन चालक कुलवंत सिंह (42), निवासी गांव कडियाना, वाहन चला रहा था। हादसे के बाद सभी घायलों को तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, शाम चौरासी में भर्ती करवाया गया। गंभीर रूप से घायल बच्चों में भवजोत सिंह (13), नवजोत कौर (7), पुनीत कौर (4) और दिव्या शर्मा (10) शामिल हैं। इनके अलावा चालक कुलवंत सिंह भी गंभीर रूप से घायल हुआ। सभी को प्राथमिक उपचार के बाद सिविल अस्पताल होशियारपुर रेफर कर दिया गया। वहीं हिमानी शर्मा (4), हरनूर कौर (5) और सरबजीत कौर (12) को मामूली चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई।

पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने अस्पताल पहुंचकर घायल बच्चों का हालचाल जाना।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी गई है और कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी।

हादसे के बाद इलाके के लोगों और भारतीय किसान यूनियन (कादियां) के कार्यकर्ताओं ने राज्य कमेटी सदस्य सतपाल सिंह के नेतृत्व में दोसड़का-शाम चौरासी रोड पर करीब एक घंटे तक धरना देकर सड़क जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने इस मार्ग पर टिप्परों की आवाजाही पर रोक लगाने की मांग की।बाद में पुलिस अधिकारियों द्वारा उचित कार्रवाई का भरोसा दिए जाने के बाद प्रदर्शनकारियों ने धरना समाप्त कर दिया और यातायात बहाल हो गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित