होशियारपुर , जुलाई 22 -- पंजाब के होशियारपुर जिले में एक किराना दुकान से कर्मचारी को हटाये जाने के बाद हुए विवाद में 45 वर्षीय व्यक्ति की कथित तौर पर लोहे की रॉड से हमला कर हत्या कर दी गयी।
पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मृतक की पहचान हरियाणा थाना क्षेत्र के गांव बस्सी बहाद निवासी मुख्तियार सिंह उर्फ बिल्ला (45) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, मामले में गांव बस्सी बहाद निवासी अमनदीप उर्फ मनु, शाम, अनिल कुमार उर्फ बंटी, राहुल कुमार और गोविंदा के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। मुख्य आरोपी अमनदीप को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस जांच के मुताबिक घटना 19 जुलाई की है। एक दिन पहले किराना दुकान से हटाये गये अमनदीप अपने साथी शाम के साथ दुकान पर पहुंचा। आरोप है कि उसने दुकान मालिक के भाई राम मूर्ति पर लोहे की रॉड से हमला कर दिया। हमले के दौरान मुख्तियार सिंह और गांव के सरपंच बीच-बचाव के लिए आगे आये। पुलिस के अनुसार, इसी दौरान अमनदीप ने मुख्तियार सिंह के सिर पर लोहे की रॉड से वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गये।
पुलिस ने बताया कि घायल मुख्तियार सिंह को उपचार के लिए भुंगा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया जा रहा था। इसी दौरान हरियाणा के दशहरा ग्राउंड के पास तीन अन्य आरोपियों ने कथित तौर पर वाहन को रोककर पीड़ित पक्ष को धमकाया। अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने मुख्तियार सिंह को बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी।
पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित