होशियारपुर , जुलाई 17 -- पंजाब के होशियारपुर जिले में 27 वर्षीय युवक का कथित तौर पर एसयूवी से टक्कर मारकर अपहरण करने, बेरहमी से मारपीट करने और बाद में उसकी हत्या किये जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने दो नामजद आरोपियों समेत चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान मंजीत सिंह उर्फ गनी (27) निवासी गांव भवनीपुर के रूप में हुई है। वह गुरुवार दोपहर अपने दोस्त सूरज कुमार के साथ झुंगियां अड्डा से मोटरसाइकिल पर घर लौट रहा था। इसी दौरान झोनोवाल स्थित एक पेट्रोल पंप के पास एक एसयूवी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
आरोप है कि एसयूवी से उतरे राजन सिंह उर्फ राजा निवासी अचलपुर, सिमरनजीत सिंह उर्फ फौजी निवासी भवनीपुर और उनके चार अज्ञात साथियों ने मंजीत सिंह के साथ मारपीट की और जबरन उसे एसयूवी में बैठाकर बिनेवाल गांव की ओर फरार हो गये। घटना के दौरान एसयूवी की नंबर प्लेट टूटकर मौके पर गिर गयी, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया।
पुलिस के मुताबिक कुछ समय बाद मंजीत सिंह बिनेवाल रोड स्थित एक सरकारी स्कूल के पास गंभीर हालत में बेहोश मिला। उसके शरीर पर कई चोटों के निशान थे, जबकि दोनों पैरों में गोली लगने के भी निशान मिले। उसे तुरंत गढ़शंकर सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
गढ़शंकर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर गगनदीप सिंह ने शुक्रवार को बताया कि प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश की आशंका सामने आयी है। पुलिस ने राजन सिंह उर्फ राजा, सिमरनजीत सिंह उर्फ फौजी और उनके चार अज्ञात साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता तथा शस्त्र अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित