होशियारपुर , जून 16 -- पंजाब में होशियारपुर जिले के मेहतियाना थाना क्षेत्र के मुखलियाना गांव में एक महिला को अपनी सास की कथित हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने मंगलवार को बताया कि आरोपी की पहचान प्रभजोत कौर के रूप में हुई है, जो हरप्रीत सिंह उर्फ फतेह की पत्नी है। मृतका की पहचान निर्मल कौर के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि मृतका के पुत्र हरप्रीत सिंह की शिकायत के आधार पर आरोपी महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।

शिकायत के अनुसार हरप्रीत सिंह अहिराना खुर्द में मोटरसाइकिल मैकेनिक का काम करता है। गुर्दे की पथरी की समस्या के कारण उसे 14 जून को होशियारपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। पुलिस जांच में सामने आया है कि प्रभजोत कौर का पति और सास के साथ अक्सर विवाद रहता था। शिकायत में कहा गया है कि 15 जून को तड़के करीब तीन बजे अस्पताल से घर लौटने पर हरप्रीत को एक पड़ोसी महिला ने बताया कि प्रभजोत कौर छत के रास्ते उसके घर आयी थी और उसके कपड़ों पर खून के धब्बे लगे हुए थे।

पुलिस के अनुसार पड़ोसी ने बताया कि प्रभजोत ने कथित तौर पर स्वीकार किया था कि उसका अपनी सास से झगड़ा हुआ था और गुस्से में उसने ईंट उठाकर निर्मल कौर के सिर पर वार कर दिया। इसके बाद हरप्रीत ने घर जाकर देखा तो उसकी मां शयनकक्ष में खून से लथपथ हालत में पड़ी हुई थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित