होशियारपुर , जुलाई 01 -- पंजाब के होशियारपुर शहर की शिवालिक एन्क्लेव कॉलोनी में बुधवार दोपहर दो अज्ञात हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर एक महिला से सोने के आभूषण लूट लिये। वारदात के समय महिला घर में अकेली थी।
पीड़िता ललिता वर्मा ने पुलिस को बताया कि वह मुख्य दरवाजा खोलकर घर के पिछले हिस्से में गयी थीं। इसी दौरान पहले से वहां छिपे दो युवक अचानक सामने आ गये। आरोपियों ने उनका मुंह कपड़े से बांध दिया और उन्हें घर के अंदर ले जाकर दरांतीनुमा हथियार (बिलहुक चाकू) दिखाकर अलमारी की चाबियां मांगने लगे, जहां नकदी और सोना रखा हुआ था।
महिला के अनुसार, बदमाशों ने उनके हाथों से दो सोने की अंगूठियां और कानों से सोने की बालियां उतार लीं और मौके से फरार हो गये। पीड़िता के पुत्र वरुण ने बताया कि वह दोपहर बाद 1:30 बजे कार्यालय से घर लौटे तो अंदर से मां की चीखें सुनाई दीं। शोर मचाने पर दोनों आरोपी भाग निकले। उन्होंने बताया कि बदमाशों ने सिर पर टोपी पहन रखी थी और अपने चेहरे ढके हुए थे। लुटेरे करीब 12 ग्राम सोने के आभूषण लेकर फरार हुए हैं।
सदर थाना के प्रभारी सब-इंस्पेक्टर बलजिंदर सिंह मल्ही ने बताया कि पुलिस को दोपहर बाद करीब 2:15 बजे घटना की सूचना मिली, जिसके बाद टीम तुरंत मौके पर पहुंची। उन्होंने बताया कि आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी पीछे के गेट को फांदकर घर में दाखिल हुए थे।
पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच शुरू कर दी है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित