होशियारपुर , अगस्त 15 -- पंजाब के कैबिनेट मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने शनिवार को 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर पुलिस लाइंस मैदान में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।
परेड का निरीक्षण करने के बाद जिला स्तरीय समारोह को संबोधित करते हुए उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों को साकार करने और पंजाब को 'रंगला पंजाब' बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों का आह्वान किया।
डॉ. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व में पंजाब सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण और राज्य के विकास के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि राज्य ने शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव, करतार सिंह सराभा, ऊधम सिंह और लाला लाजपत राय के बलिदान को याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम के दौरान पंजाबियों ने भारी कुर्बानियां दीं और आज भी देश की एकता एवं अखंडता को बनाए रखने में अग्रणी भूमिका निभा रहे हैं।
मंत्री ने कहा कि शहीद सैनिकों के परिवारों को दी जाने वाली एक्स-ग्रेशिया राशि 50 लाख रुपये से बढ़ाकर एक करोड़ रुपये की गई है, जबकि स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों की पेंशन 9,400 रुपये से बढ़ाकर 11,000 रुपये कर दी गयी है। उन्होंने बताया कि 'मुख्यमंत्री मावां-धीयां सत्कार योजना' के तहत अब तक 74.59 लाख से अधिक महिलाओं को 2,274.42 करोड़ रुपये की वित्तीय सहायता दी जा चुकी है। पिछले चार वर्षों में 28,734 स्वयं सहायता समूह गठित किए गए हैं, जिनसे करीब तीन लाख महिलाओं को लाभ मिला है।
डॉ. सिंह ने कहा कि पंजाब सरकार राज्य से नशे और अवैध नशा कारोबार को खत्म करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि आने वाली पीढ़ियों को इस बुराई से मुक्त रखा जा सके। उन्होंने बताया कि पंजाब रोड सेफ्टी फोर्स ने अब तक 25 हजार से अधिक लोगों को तत्काल प्राथमिक चिकित्सा उपलब्ध कराई है।उन्होंने कहा कि राज्य के सरकारी बस बेड़े में 1,279 नयी बसें शामिल की जा रही हैं, जिससे सरकारी बसों की कुल संख्या बढ़कर 3,546 हो जायेगी। उन्होंने इसे पिछले दो दशकों में सरकारी बस बेड़े में सबसे बड़ी वृद्धि बताया।
ग्रामीण विकास का उल्लेख करते हुए मंत्री ने कहा कि राज्य में 2,670 ग्राम पंचायतों का सर्वसम्मति से चुनाव हुआ है और सरकार ने इन पंचायतों के लिए 133 करोड़ रुपये से अधिक की अनुदान राशि जारी की है।
डॉ. सिंह ने कहा कि पंजाब प्रवासी भारतीयों की शिकायतों का ऑनलाइन समाधान करने वाला देश का पहला राज्य बन गया है। उन्होंने कहा कि श्री गुरु रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती बड़े स्तर पर मनायी जायेगी, जिसके लिए पंजाब सरकार ने 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया है। उन्होंने बताया कि पंजाब में 650 एकड़ भूमि पर श्री गुरु रविदास जी के नाम से बाग विकसित किये जा रहे हैं।
समारोह के समापन पर डॉ. सिंह ने घोषणा की कि होशियारपुर जिले के सभी स्कूलों में सोमवार, 17 अगस्त को अवकाश रहेगा।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित