होशियारपुर , फरवरी 23 -- पंजाब पुलिस के एक सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर की पत्नी की हत्या के मामले में पुलिस ने उनके 35 वर्षीय भतीजे को गिरफ्तार किया है।

पुलिस उपाधीक्षक, गढ़शंकर दलजीत सिंह खाख ने सोमवार को बताया कि आरोपी की पहचान मेहंदवानी गांव के निवासी राकेश कुमार के रूप में हुई है, जिसे 22 फरवरी को शाहपुर घाटे से गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक .32 बोर पिस्तौल, तीन कारतूस, एक तेज धार वाला हथियार (दातर) और अपराध में इस्तेमाल की गयी मोटरसाइकिल बरामद की है। उन्होंने कहा कि यह हत्या सात फरवरी को हुई थी, जब पंजाब पुलिस के सेवानिवृत्त सब-इंस्पेक्टर शाम लाल की पत्नी रचना (60) सुबह करीब 5:30 बजे 'महाराज भूरीवाले कुटिया' में माथा टेककर घर लौट रही थीं। रास्ते में एक अज्ञात हमलावर ने गोली मारकर उनकी हत्या कर दी थी।

इस घटना के बाद गढ़शंकर थाने में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया था। जांच के लिए डीएसपी की देखरेख में एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया गया था।

पुलिस उपाधीक्षक ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। आरोपी ने बताया कि उसे संदेह था कि मृतका ने उसके परिवार पर काला जादू किया था। उसका मानना था कि इसी वजह से उसके पिता की मृत्यु हुई और हिमाचल प्रदेश में उसके रेडीमेड गारमेंट के व्यवसाय में भारी नुकसान हुआ। उन्होंने बताया कि आरोपी ने हत्या की योजना पहले ही बना ली थी। घटना से दो दिन पहले उसने अपनी पत्नी और बच्चों को उनके मायके छोड़ दिया था। उसने अपनी कार खराब होने का बहाना बनाकर किसी से मोटरसाइकिल उधार ली थी। वारदात के दिन उसने चेहरा ढंककर मृतका के रास्ते में इंतजार किया और उन पर तीन गोलियां चलाईं। पकड़े जाने से बचने के लिए उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर दिया था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित