होशियारपुर , मई 20 -- ई-फार्मेसी क्षेत्र में कथित अनियमितताओं और छोटे कारोबारियों को प्रभावित करने वाली नीतियों के विरोध में ऑल इंडिया ऑर्गेनाइजेशन ऑफ केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स के आह्वान पर पंजाब के होशियारपुर जिले में बुझावार को केमिस्टों ने बंद रखा।

जिला केमिस्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष और पंजाब केमिस्ट एसोसिएशन के प्रवक्ता रमन कपूर ने बताया कि जिले के करीब 1,300 थोक और रिटेल केमिस्टों ने आधी रात से ही अपनी दुकानें बंद रखीं, जिसके चलते दवा दुकानों और थोक बाजारों में पूरी तरह कामकाज ठप रहा। यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस हड़ताल को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन पंजाब और आल इंडिया फेडरेशन ऑफ मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव्स एसोसिएशन का भी समर्थन प्राप्त हुआ।

श्री कपूर ने आरोप लगाया कि ऑनलाइन कारोबार की आड़ में नकली और नशे की लत लगाने वाली दवाओं की बिक्री को बढ़ावा मिल रहा है। उन्होंने कहा कि ई-फार्मेसी कंपनियां "अवैध और अनियमित" तरीके से काम कर रही हैं। उन्होंने कहा कि नियमों के अनुसार दवाएं केवल वैध पर्चे पर और फार्मासिस्ट या पंजीकृत डॉक्टर की मौजूदगी में ही दी जानी चाहिए, लेकिन ऑनलाइन प्लेटफॉर्म कूरियर सेवाओं के जरिए सीधे लोगों तक दवाएं पहुंचा रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है। उन्होंने यह भी कहा कि बड़ी ई-फार्मेसी कंपनियों द्वारा दिए जा रहे भारी डिस्काउंट छोटे केमिस्टों की आजीविका पर प्रतिकूल असर डाल रहे हैं।

केमिस्ट एसोसिएशन ने ज़िला उपायुक्त के माध्यम से प्रधानमंत्री को ज्ञापन भेजकर ऑनलाइन दवाओं की अवैध बिक्री, बिना सत्यापित पर्चे के होम डिलीवरी और ई-फार्मेसी कंपनियों की मूल्य निर्धारण नीतियों पर चिंता जताई। ज्ञापन में कुछ अधिसूचित प्रावधानों को वापस लेने की मांग भी की गई, जिनके दुरुपयोग का आरोप ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और क्विक कॉमर्स कंपनियों पर लगाया गया।

केमिस्टों ने कहा कि दवाएं सामान्य उपभोक्ता वस्तु नहीं हैं और बिना उचित जांच-पड़ताल के ऑनलाइन बिक्री से सार्वजनिक स्वास्थ्य और ड्रग्स एंड कॉस्मेटिक्स एक्ट के तहत लागू सुरक्षा प्रावधानों को खतरा हो सकता है।

श्री कपूर ने बताया कि हड़ताल पूरी तरह शांतिपूर्ण रही और जिलेभर में लगभग सभी केमिस्टों ने इसमें भाग लिया। साथ ही आपातकालीन और जरूरी दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए विशेष प्रबंध भी किए गए थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित