चंडीगढ़ , सितंबर 16 -- पंजाब प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष केवाल सिंह ढिल्लों ने बुधवार को होशियारपुर जिले के बरियां कलां गांव में डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना की निंदा करते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
श्री ढिल्लों ने कहा कि घटना का विरोध करने मौके पर पहुंचे भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री विजय सांपला तथा पंजाब भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष शीतल अंगुराल के साथ कथित तौर पर हुई मारपीट भी निंदनीय है। उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर की प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने की घटना संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति अनादर का विषय है। उन्होंने कहा कि पंजाब में एक सप्ताह के भीतर इस तरह की दूसरी घटना सामने आना चिंता का विषय है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार कानून-व्यवस्था बनाए रखने और लोगों की धार्मिक एवं सामाजिक भावनाओं की रक्षा करने में विफल रही है। उन्होंने मांग की कि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने और भाजपा नेताओं पर कथित हमले के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान कर उन्हें जल्द गिरफ्तार किया जाए तथा कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाये।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित