होशियारपुर , जुलाई 10 -- पंजाब के जेल एवं एनआरआई मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने शुक्रवार को कहा कि होशियारपुर जिले के कंडी क्षेत्र में बहेरा बारी खड्ड पर 2.03 करोड़ रुपये की लागत से 31.20 मीटर लंबा हाई लेवल पुल बनाया जाएगा। उन्होंने बताया कि परियोजना की निविदा (टेंडर) प्रक्रिया जारी है और जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।

डॉ. सिंह ने कहा कि यह पुल कंडी क्षेत्र के लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग थी। इसके निर्माण से वर्षभर निर्बाध आवागमन संभव होगा और बरसात के मौसम में आने वाली आवाजाही की समस्याओं से लोगों को राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के नेतृत्व वाली पंजाब सरकार कंडी क्षेत्र के समग्र विकास के लिए आधारभूत ढांचे को मजबूत करने और जनसुविधाओं में सुधार पर विशेष ध्यान दे रही है। क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है ताकि उन्हें निर्धारित समय में पूरा किया जा सके।

उन्होंने बताया कि इससे पहले मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने शाम चौरासी विधानसभा क्षेत्र में कई विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया था, जिनका उद्देश्य क्षेत्र के विकास को गति देना है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित