होशियारपुर , जून 16 -- पंजाब में होशियारपुर की केन्द्रीय जेल में बंद एक कैदी के खिलाफ जेल में मोबाइल फोन मिलने और जेल प्रशासन पर आरोप लगाने से जुड़ा मामला दर्ज किया गया है।

पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई उस वीडियो के सामने आने के बाद की गयी, जो 14 जून को सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो कथित तौर पर जेल के अंदर रिकॉर्ड किया गया था, जिसमें कैदी मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना (निवासी तलवंडी साबो, बठिंडा) ने जेल प्रशासन पर प्रताड़ना, पैसे की मांग और जेल के अंदर नशा उपलब्ध होने जैसे गंभीर आरोप लगाये थे। उसने कुछ जेल कर्मियों पर मारपीट के भी आरोप लगाये थे।

जेल अधिकारियों ने मंगलवार को कहा कि वीडियो सामने आने के बाद जांच शुरू की गयी और एक खुफिया सूचना के आधार पर सुरक्षा जोन-13, बैरक नंबर-5 में तलाशी ली गयी। इस दौरान मनप्रीत सिंह के पास से बिना सिम कार्ड वाला एक सैमसंग मोबाइल फोन बरामद किया गया। इस संबंध में सिटी पुलिस ने जेल सहायक अधीक्षक जगविंदर कुमार की शिकायत पर मनप्रीत सिंह के खिलाफ पंजाब प्रिज़न्स एंड करेक्शनल सर्विसेज एक्ट, एनडीपीएसएक्ट और भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

जेल प्रशासन का आरोप है कि कैदी ने वीडियो वायरल कर प्रशासन पर दबाव बनाने की कोशिश की। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया कि उसने खुदको नुकसान पहुंचाने की धमकी दी और उसके पास पहले से ही एक चांदी का तार मौजूद था। अधिकारियों ने यह भी कहा कि वीडियो में उसने नशे की उपलब्धता को लेकर भी बयान दिये थे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित