होशियारपुर , जुलाई 27 -- पंजाब के जेल एवं एनआरआई मामलों के मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने सोमवार को होशियारपुर केंद्रीय जेल में आम आदमी क्लिनिक का उद्घाटन करते हुए कहा कि इस पहल से जेल में बंद कैदियों को परिसर के भीतर ही मुफ्त प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं, जांच और दवाइयां उपलब्ध कराई जाएंगी।

क्लिनिक का उद्घाटन करते हुए डॉ. सिंह ने बताया कि यहां 45 प्रकार की डायग्नोस्टिक जांच और 100 से अधिक प्रकार की दवाइयां निशुल्क उपलब्ध होंगी। इस सुविधा से केंद्रीय जेल में बंद 1,400 से अधिक कैदियों को लाभ मिलेगा और उन्हें प्राथमिक जांच तथा उपचार के लिए अब जेल से बाहर नहीं जाना पड़ेगा।

डॉ. सिंह ने बताया कि होशियारपुर जिले का यह 77वां आम आदमी क्लिनिक है। इसके साथ ही पंजाब में आम आदमी क्लिनिकों की कुल संख्या बढ़कर 1,090 हो गई है। उन्होंने कहा कि जेलों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के उद्देश्य से राज्य सरकार अब तक पंजाब की आठ जेलों में आम आदमी क्लिनिक स्थापित कर चुकी है। इन क्लिनिकों में चिकित्सा अधिकारी, फार्मासिस्ट, क्लिनिक सहायक और अन्य कर्मचारियों की नियुक्ति की गई है, ताकि कैदियों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

मंत्री ने बताया कि पंजाब के आम आदमी क्लिनिकों में अब तक लगभग 5.90 करोड़ लोग स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठा चुके हैं, जबकि 3.5 करोड़ से अधिक डायग्नोस्टिक जांचें की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि पहले संचालित 990 आम आदमी क्लिनिकों में प्रतिदिन करीब 83 हजार लोग उपचार प्राप्त कर रहे थे। अब क्लिनिकों की संख्या बढ़कर 1,090 होने से अधिक लोगों को मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध होंगी।

डॉ. सिंह ने कहा कि इन क्लिनिकों में गर्भवती महिलाओं के लिए प्रसव पूर्व जांच, स्क्रीनिंग और पोषण प्रबंधन जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। उन्होंने बताया कि राज्य सरकार प्राथमिक स्वास्थ्य सेवाओं का दायरा बढ़ाने के लिए पंजाब में 300 और आम आदमी क्लिनिक स्थापित करने की योजना पर काम कर रही है।

इस अवसर पर जेल अधीक्षक हरचरण सिंह गिल और सिविल सर्जन डॉ. मनदीप कमल ने मंत्री को नवस्थापित क्लिनिक में उपलब्ध सुविधाओं, स्टाफ और स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में अतिरिक्त जेल अधीक्षक हरबंस सिंह, उप जेल अधीक्षक आशा रानी, आम आदमी क्लिनिक के शहरी नोडल अधिकारी डॉ. रोहित बबूटा, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (एनएचएम) मोहम्मद आसिफ सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित