नोएडा , फरवरी 22 -- उत्तर प्रदेश में जिला गौतमबुद्धनगर जिलाधिकारी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी कर खाद्य पदार्थों के नमूने जांच के लिए संग्रहित किए जा रहे हैं।

आगामी होली पर्व को देखते हुए जनपद में खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने मिलावटखोरी और मानकों के उल्लंघन पर सख्ती शुरू कर दी है।

रविवार को की गई कार्यवाई के बारे में जानकारी देते हुए सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय सर्वेश मिश्रा ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारी रितु सक्सेना और अमर बहादुर सरोज की टीम ने नोएडा सेक्टर 62, रसूलपुर नवादा स्थित सम्यक मिठाईवाला पर निरीक्षण किया। जांच के दौरान करीब सौ किलोग्राम गुलाब जामुन प्रदूषित अवस्था में मिले, जिन पर मक्खी मच्छर बैठे पाए गए। टीम ने एक नमूना जांच हेतु लिया और शेष गुलाब जामुन को मौके पर ही नष्ट करा दिया।

वहीं, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी वीरेंद्र द्विवेदी के नेतृत्व में मुकेश कुमार, रविन्द्र नाथ वर्मा, विजय बहादुर पटेल और सय्यद इबादुल्लाह की टीम ने यूपीसीडा इंडस्ट्रियल एरिया साइट पांच, कासना स्थित जानकी बल्लभ फूड्स प्राइवेट लिमिटेड के खाद्य तेल निर्माण इकाई पर छापा मारा। यहां से न्यूट्रीग्लो ब्रांड के सात सौ पचास ग्राम रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का एक नमूना, तेरह किलोग्राम पैक्ड टीन से एक नमूना तथा सात सौ पचास ग्राम रिफाइंड पामोलिन ऑयल का एक नमूना लिया गया।

जांच में पाया गया कि बिना फोर्टिफिकेशन किए पैकिंग पर फोर्टिफिकेशन का लोगो अंकित था। साथ ही बैच नंबर और अन्य अभिलेख मौके पर उपलब्ध नहीं कराए गए। इस पर कार्रवाई करते हुए दो सौ इक्यानवे टीन रिफाइंड सोयाबीन ऑयल, तीन हजार नौ सौ से अधिक पैक्ड पाउच सोयाबीन ऑयल और छह हजार नौ सौ नब्बे से अधिक पैक्ड पाउच रिफाइंड पामोलिन ऑयल को सीज कर दिया गया।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित