अंबिकापुर , फरवरी 18 -- छत्तीसगढ़ सरकार ने समर्थन मूल्य पर धान बेचने वाले किसानों को बड़ी सौगात दी है। मंत्रिपरिषद की हालिया बैठक में यह फैसला लिया गया कि किसानों को 3100 रुपये प्रति क्विंटल की दर से अंतर राशि का भुगतान होली पर्व से पहले एकमुश्त कर दिया जाएगा। इस महत्वपूर्ण निर्णय से पूरे जिले के किसानों में उत्साह और खुशी की लहर है।
जिला पीआरओ से मिली जानकारी के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के इस किसान हितैषी निर्णय का किसानों ने तहे दिल से स्वागत किया है। लखनपुर विकासखंड के ग्राम कोसंगा के किसान पहरूराम ने इस घोषणा पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि इस बार उन्होंने करीब 72 क्विंटल धान समर्थन मूल्य पर बेचा था, जिसकी आधार राशि उन्हें मिल चुकी है। अब होली से पहले अंतर राशि मिलने की पुष्टि से वे बेहद उत्साहित हैं।
पहरूराम ने कहा कि होली के बाद विवाह-शादी का सीजन शुरू हो जाता है। ऐसे में यह राशि पारिवारिक जरूरतों और सामाजिक दायित्वों को निभाने में काफी सहायक होगी। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह फैसला किसानों के हित में बेहद सराहनीय है और इससे अन्नदाताओं का मनोबल बढ़ा है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित