जालौन , मार्च 02 -- उत्तर प्रदेश के जालौन जिले में होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की है। अपर पुलिस अधीक्षक प्रदीप कुमार ने बताया कि जिले में 1194 स्थानों पर होलिका दहन प्रस्तावित है और सभी स्थलों पर पुलिस की विशेष निगरानी रहेगी। उन्होंने बताया कि संवेदनशील एवं अति संवेदनशील क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अराजकता, हुड़दंग या विवाद की स्थिति को समय रहते नियंत्रित किया जा सके। सुरक्षा के मद्देनजर जिले में 40 निरीक्षक, 250 उपनिरीक्षक, 700 हेड कांस्टेबल/कांस्टेबल तथा 370 रंगरूट जवानों की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त एक कंपनी पीएसी भी संवेदनशील एवं मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों में गश्त के लिए लगाई जाएगी।
जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग संयुक्त रूप से अलर्ट मोड पर कार्य कर रहे हैं। कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखा गया है तथा सभी अधिकारियों को मोबाइल फोन चालू रखने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन के अनुसार सभी 1194 होलिका स्थलों पर कम से कम एक पुलिसकर्मी की तैनाती सुनिश्चित की गई है, जबकि अति संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त बल लगाया गया है। थाना प्रभारियों को निरंतर क्षेत्र भ्रमण के निर्देश दिए गए हैं। भीड़भाड़ वाले स्थानों पर बैरिकेडिंग की व्यवस्था की गई है तथा अग्निशमन विभाग को भी सतर्क रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल कार्रवाई की जा सके।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित