जयपुर , मार्च 03 -- उत्तर पश्चिम रेलवे ने होली त्योहार के दौरान भारी यात्री भीड़ को प्रभावी ढंग से संभालने के लिए व्यापक व्यवस्थाएं की और गत 21 फरवरी से दो मार्च तक 55 लाख से अधिक यात्रियों को सुगमता से गंतव्य तक पहुंचाया गया।
उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसम्पर्क अधिकारी अमित सुदर्शन के अनुसार रेलवे द्वारा होली पर्व के अवसर पर विभिन्न मार्गों पर यात्री भार की समीक्षा कर यात्रियों को सुगम रेल यात्रा के लिए स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है और होली के लिए 295 ट्रिप नई स्पेशल ट्रेनों के संचालन की अधिसूचना जारी की गई है जो कि विभिन्न गंतव्यों गोरखपुर, समस्तीपुर, योगनगरी ऋषिकेश, अमृतसर, मैसूरू, काकिनाडा, गोमतीनगर, भावनगर टर्मिनस, हावडा, तिरूपति, मऊ, साबरमती, दानापुर, आसनसोल, चैन्नई एग्मोर, वडोदरा, कोलकाता के लिए संचालित की जा रही है। होली पर्व से पूर्व के सप्ताह में 54 ट्रिप नई स्पेशल ट्रेनें संचालित की गई है। यह ट्रेनें गोरखपुर, मैसरू, काकिनाडा, भावनगर टर्मिनस, हावड़ा, तिरूपति, दानापुर, कोलकाता, साबरमती, असारवा तथा अन्य महत्वपूर्ण स्टेशनों की ओर संचालित की गई है। इस अवधि के दौरान उत्तर पश्चिम रेलवे के क्षेत्राधिकार से 55 लाख से अधिक यात्रियों ने विभिन्न गंतव्यों के लिए सुगमता के साथ यात्रा की है।
उल्लेखनीय है कि गत एक और दो मार्च को लगभग 11 लाख यात्रियों ने यात्रा की तथा 21 ट्रिप नई स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया गया। इसके साथ ही उत्तर पश्चिम रेलवे पर 30 स्पेशल ट्रेनों के 216 ट्रिप की संचालन अवधि में भी विस्तार किया गया है। मार्च में अतिरिक्त यात्री भार के मद्देनजर उत्तर पश्चिम रेलवे द्वारा 53 नियमित ट्रेनों में विभिन्न श्रेणियों के 141 अतिरिक्त डिब्बें जोड़े गए है।
होली के त्यौहार पर भीड़ प्रबंधन के लिए प्रमुख स्टेशनों पर विशेष व्यवस्थाएं की गई जिससे प्रभावी तरीके से स्टेशनों और ट्रेनों में अधिक यात्री को संभाला गया। बडे और प्रमुख स्टेशनों पर होल्डिंग एरिया तथा बैरिकेटस लगाकर प्रवेश व्यवस्था करना। स्टेशनों पर पर्याप्त संख्या में रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) एवं टिकट चैकिंग कर्मचारियों की तैनाती। स्टेशनों पर हेल्प डेस्क के माध्यम से यात्रियों को उचित मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान करना। स्पेशल ट्रेनों के संबंध में लगातार उद्घोषणा कर जानकारी प्रदान करना।
मुख्यालय स्तर एवं मंडल स्तर पर उच्च अधिकारियों द्वारा नियमित तौर पर निगरानी की जा रही है। इसके साथ ही स्थिति पर नियंत्रण रखने के लिए सभी विभागों के समन्वय से चौबीसों घंटे वॉर रूम कार्य कर रहे हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित