अंबिकापुर/सूरजपुर , मार्च 02 -- होली पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए छत्तीसगढ़ के सरगुजा और सूरजपुर जिलों में व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। दोनों जिलों में कुल मिलाकर 1100 से अधिक पुलिस अधिकारी और जवान तैनात किए जाएंगे। प्रशासन ने हुड़दंग, नशे में वाहन चलाने, अवैध डीजे संचालन और सोशल मीडिया पर भ्रामक पोस्ट पर सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।
पुलिस से सोमवार मिली जानकारी के अनुसार,सरगुजा जिले में आज होलिका दहन तथा चार मार्च को होली मनाया जाएगा। अंबिकापुर में होली बड़े पैमाने पर आयोजित होती है, जिसे देखते हुए डीआईजी एवं एसएसपी राजेश कुमार अग्रवाल के निर्देशन में विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। जिले में आठ राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के नेतृत्व में 75 निरीक्षक, उप निरीक्षक और सहायक उप निरीक्षक सहित 500 से अधिक पुलिस अधिकारी-कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
सुरक्षा के तहत 67 फिक्स पिकेट, 28 पेट्रोलिंग पार्टी, सात बाइक पेट्रोलिंग टीम, महिला गश्ती दल तथा रिजर्व बल को सक्रिय रखा गया है। प्रमुख जलाशयों में भी पुलिस बल की तैनाती की गई है। तीन सवारी, नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने और शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। प्रत्येक प्रमुख चौक-चौराहे पर ब्रेथ एनालाइजर से जांच की जाएगी।
बोर्ड परीक्षाओं को देखते हुए बिना अनुमति डीजे साउंड सिस्टम लगाने तथा विवादित गीत-संगीत बजाने पर वैधानिक कार्रवाई कर उपकरण जब्त किए जाएंगे। थाना और चौकी प्रभारियों को जिला अस्पताल से समन्वय बनाकर आकस्मिक चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। नागरिक 9479193599 और डायल 112 के माध्यम से पुलिस सहायता प्राप्त कर सकते हैं। पुलिस ने अपील की है कि मुखौटा का उपयोग न करें, ज्वलनशील पदार्थों से परहेज करें, जबरन रंग न लगाएं तथा यातायात नियमों का पालन करें।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित