रामनगर, मार्च 03 -- उत्तराखंड में कॉर्बेट टाइगर रिजर्व प्रशासन द्वारा होली पर्व के मद्देनज़र वन एवं वन्यजीवों की सुरक्षा को लेकर उच्च स्तर से लगातार दिशा-निर्देश जारी किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मानव-वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण और वन सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए व्यापक फ्लैग मार्च का आयोजन किया।
पार्क वार्डन बिन्दर पाल के नेतृत्व में बिजरानी उप प्रभाग की बिजरानी रेंज, सर्पदुली रेंज, सुरक्षा इकाई तथा रामनगर वन प्रभाग की कोसी रेंज और स्थानीय पुलिस बल के साथ गर्जिया वन परिसर से सांवल्दे वन परिसर तक फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च से पूर्व समस्त स्टाफ गर्जिया परिसर में एकत्रित हुआ, जहां पार्क वार्डन द्वारा ब्रीफिंग कर होली के दौरान अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखने और उन्हें विफल करने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों ने वन एवं वन्यजीव संरक्षण हेतु नियमित सघन गश्त, कंबिंग और रात्रि एम्बुश संचालन के निर्देश भी दिए। फ्लैग मार्च के दौरान आम जनमानस से वनों में अनावश्यक प्रवेश न करने की अपील की गई।
बिजरानी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी नवीन चन्द्र पाण्डे ने वन क्षेत्र के आसपास निवासरत ग्रामीणों से विशेष अनुरोध किया कि वे घरों के आसपास कूड़ा न जलाएं, क्योंकि इससे वनाग्नि फैलने का खतरा बढ़ जाता है। उन्होंने कहा कि वनाग्नि काल में वन और वन्यजीवों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की नैतिक जिम्मेदारी है। किसी भी आग की घटना की सूचना तत्काल स्थानीय वन चौकी को देने की अपील भी की गई।
यह फ्लैग मार्च गर्जिया परिसर से ढिकुली-लदुवा मार्ग होते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग 309 से लखनपुर चौक-कोटद्वार रोड, चोरपानी, गौजानी, कानियाँ, हिम्मतपुर डोटियाल होते हुए सांवल्दे परिसर तक पहुंचा। अंत में अधिकारियों ने फ्लैग मार्च के सफल संचालन के लिए समस्त स्टाफ का आभार व्यक्त किया।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित