भिण्ड , मार्च 2 -- मध्यप्रदेश के भिण्ड जिले के पुलिस अधीक्षक असित यादव ने होली पर्व को लेकर स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में किसी भी प्रकार की अभद्रता या कानून व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक ने प्रेस को जारी संदेश में कहा कि होली हमारी संस्कृति और सभ्यता की पहचान है तथा यह रंगों का त्योहार सुख, समृद्धि और भाईचारे का प्रतीक है। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि एक-दूसरे को रंग लगाकर शुभकामनाएं दें और पर्व की गरिमा बनाए रखें।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि होली की आड़ में किसी भी महिला या व्यक्ति के साथ अभद्र व्यवहार करना, जबरन रंग लगाना या अशोभनीय हरकत करना अपराध की श्रेणी में आएगा। बिना सहमति के रंग डालना या छेड़छाड़ करना बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। ऐसे मामलों में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित