हरिद्वार , मार्च 04 -- उत्तराखंड के हरिद्वार में होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। नगर क्षेत्र से लेकर देहात तक पुलिस बल की तैनाती की गई है। प्रमुख चौराहों, बाजारों, संवेदनशील स्थानों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मोबाइल टीमें लगातार गश्त कर रही हैं।पुलिस अधिकारियों के अनुसार, त्योहार के दौरान हुड़दंग, जबरन रंग लगाने, नशे में वाहन चलाने और शांति व्यवस्था भंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक सूचना को तुरंत रोका जा सके।
पुलिस प्रशासन ने जिलावासियों से अपील की है कि वे होली का पर्व आपसी भाईचारे, प्रेम और सौहार्द के साथ मनाएं तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शांति व्यवस्था प्रभावित करने वालों पर सख्त कानूनी शिकंजा कसा जाएगा।
प्रशासन ने यह भी बताया कि किसी भी आपात स्थिति में नागरिक तत्काल पुलिस हेल्पलाइन या नजदीकी थाने से संपर्क कर सकते हैं।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित