मुरैना , मार्च 04 -- मध्यप्रदेश के मुरैना जिले के जौरा कस्बे में होली खेलने को लेकर हुए विवाद में एक युवक को गोली मारकर घायल कर दिया गया। पुलिस ने बाइक सवार दो युवकों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर जांच प्रारंभ कर दी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार घटना जौरा के डाकघर क्षेत्र की है। बताया गया है कि संजय वाल्मीकि नामक युवक ने होली खेलकर लौट रहे बाइक सवार दो युवकों को रोककर रंग खेलने की जिद की। इसी दौरान बाइक पर सवार हरवीर सिंह सिकरवार ने उसे गोली मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
घायल युवक को तत्काल जौरा अस्पताल ले जाया गया, जहां से चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल मुरैना रेफर कर दिया। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों के युवक शराब के नशे में थे। मामले में संबंधित आरोपियों के विरुद्ध हत्या के प्रयास का प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित