दरभंगा , फरवरी, 28 -- बिहार में दरभंगा के जिला दण्डाधिकारी कौशल कुमार एवं वरीय पुलिस अधीक्षक जगुन्नाथ रड्डी जलारड्डी ने होली पर्व के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाये रखने एवं पर्व को शांतिपूर्ण एवं भाईचारे के बीच सम्पन्न कराने के लिये संयुक्त आदेश जारी करते हुए पूरे जिला में लगभग 500 स्थलों पर दण्डाधिकारी के नेतृत्व में पुलिस अधिकारी एवं पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति की है।
संयुक्तादेश में जिले में होली पर्व के मद्देनजर कड़ी निगरानी रखने का निदेश सभी संबंधित दण्डाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारी को दिया गया है।होली पर्व के अवसर पर सभी प्रकार के अवकाश अगले आदेश तक के लिए स्थगित किया गया है। बिना सक्षम प्राधिकार की अनुमति के कोई भी व्यक्ति लाउडस्पीकर का प्रयोग नहीं करेंगे। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। थानाध्यक्ष, पुलिस निरीक्षक/प्रखंड विकास पदाधिकारी/अंचल अधिकारी एवं प्रतिनियुक्त पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी का कर्तव्य होगा कि वे आसूचना संकलन कर उस पर त्वरित विधि-सम्मत् कार्रवाई करें तथा इसकी सूचना वरीय पदाधिकारियों को भी दी जाये।
प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी / पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल तथा लाठी बल की प्रतिनियुक्ति सामान्यतः 02 मार्च के पूर्वाह्न से 05 मार्च 2026 तक रहेगा। ड्यूटी के दौरान कर्तव्य में ढिलाई बरतने,असावधानी या लापरवाही बरतने वाले दंडाधिकारी, पुलिस पदाधिकारी तथा बल के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
होली पर के अवसर पर 02 मार्च से 05 मार्च तक जिला नियंत्रण कक्ष कार्यरत रहेगा जिसका दूरभाष नंबर 06272 240600 है।होली पर्व के अवसर पर सभी अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अपने क्षेत्रान्तर्गत विधि-व्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्था के सम्पूर्ण प्रभार में रहेंगे तथा अपने दिशा निर्देशन में प्रतिनियुक्ति करते हुए विधि-व्यवस्था संधारित करायेंगे तथा सभी प्रतिनियुक्त पुलिस पदाधिकारी एवं दंडाधिकारी, थानाध्यक्ष को हिदायत देंगे कि इस त्योहार के अवसर पर अपनी-अपनी डियूटी मुस्तैदी, चुस्ती एवं जिम्मेदारी के साथ करेंगे तथा डियूटी में किसी प्रकार की ढि़लाई बरतने पर उनके विरूद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था का अनुश्रवण करते हुए अपने दिशा-निर्देश में पर्व को शांतिपूर्वक सम्पन्न करायेंगे।
हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित