वाराणसी , मार्च 5 -- होली के पावन अवसर पर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय एवं अन्य कार्यकर्ता श्रीविद्या मठ पहुंचे, जहां उन्होंने जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती महाराज से आशीर्वाद प्राप्त किया।

श्री राय ने शंकराचार्य के चरणों में गुलाब की पंखुड़ियां अर्पित कीं तथा उन्हें होली की हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश, प्रदेश एवं समाज के कल्याण की कामना की। इस अवसर पर अजय राय ने कहा कि संत समाज सदैव समाज को सही दिशा प्रदान करता आया है। सनातन धर्म की परंपराओं, आस्था एवं धार्मिक मूल्यों की रक्षा में जगद्गुरु शंकराचार्य जैसे महान संतों का मार्गदर्शन पूरे समाज के लिए प्रेरणादायक है।

उन्होंने जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी श्री अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज द्वारा चलाए जा रहे आंदोलनों एवं उठाए जा रहे धार्मिक एवं सामाजिक मुद्दों का समर्थन करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ी है और आगे भी रहेगी। यदि धर्म, संस्कृति एवं संत समाज के सम्मान को ठेस पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा, तो कांग्रेस पार्टी उसका पुरजोर विरोध करेगी।

कांग्रेस पार्टी हमेशा से भारत की गंगा-जमुनी तहजीब, धर्मनिरपेक्ष मूल्यों तथा सभी धर्मों के सम्मान की पक्षधर रही है। संत समाज की आवाज को दबाने का प्रयास लोकतंत्र एवं भारतीय परंपराओं के विरुद्ध है, जिसे किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जा सकता।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित