चंडीगढ़ मोहाली , मार्च 04 -- पंजाब और चंडीगढ़ में आज होली का पर्व उल्लास के साथ मनाया गया, लेकिन कई स्थानों पर झगड़े और हंगामे की घटनाएं भी सामने आईं।

मोहाली के डेराबस्सी क्षेत्र के दादपुर गांव में होली के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट हो गई। विवाद इतना बढ़ गया कि कुर्सियां और डंडे चलने लगे। हालात पर काबू पाने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

वहीं चंडीगढ़ पुलिस ने भी शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्ती दिखाई। सबसे पहले सुखना लेक से लोगों को हटाया गया। इसके बाद सेक्टर-15 के बाजार और पंजाब यूनिवर्सिटी में युवाओं की भीड़ एकत्र हो गई, जिसे पुलिस ने हल्का बल प्रयोग कर तितर-बितर कर दिया। इससे कुछ समय के लिए माहौल तनावपूर्ण हो गया।

इसी दौरान सेक्टर-10 स्थित डीएवी कॉलेज के छात्रावास में रहने वाली छात्राओं ने बाहर होली खेलने की अनुमति न मिलने पर विरोध जताया। छात्राओं का कहना था कि उन्हें बाहर जाने से रोका जा रहा है। हालांकि महाविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि छात्रावास में रहने वाली छात्राओं को सुबह 9 से 12 बजे तक होली खेलने की अनुमति दी गई थी और यह नियम हर वर्ष लागू होता है।

यदि मोहाली की बात करें तो वहां भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर नाकाबंदी की गई। पुलिस द्वारा लोगों से बार-बार अपील की जा रही थी कि हुड़दंग न करें, कानून-व्यवस्था का पालन करें और जारी दिशा-निर्देशों का अनुसरण करें। इसके बावजूद मोहाली के 3बी2 मार्केट में कुछ युवाओं द्वारा दोबारा माहौल खराब करने की कोशिश की गई। स्थिति को देखते हुए पुलिस की गश्ती टीमें लगातार क्षेत्र में भ्रमण करती रहीं और लोगों को वहां से हटाती रहीं।

वहीं पंचकूला में भी कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर नाकाबंदी की गई। भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। युवा वर्ग को स्पष्ट चेतावनी दी गई कि यदि शांति व्यवस्था भंग करने का प्रयास किया गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई भी की गई जिन पर माहौल खराब करने का आरोप था।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित