रायपुर , मार्च 09 -- होली अवकाश के बाद सोमवार से छत्तीसगढ़ विधानसभा की कार्यवाही दोबारा शुरू हो गई।

सत्र के पहले ही दिन सदन में दुर्ग जिले में भाजपा नेता के खेत में कथित अफीम की खेती का मुद्दा गूंजने के आसार हैं। इस मामले को लेकर विपक्ष सरकार को घेरने की तैयारी में है और चर्चा के लिए ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लाया जा सकता है।

विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही विभिन्न विभागों से जुड़े विषयों पर चर्चा का क्रम भी शुरू हुआ। निर्धारित कार्यसूची के अनुसार मंत्री दयालदास बघेल और मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े के विभागों से संबंधित विषयों पर सदन में चर्चा होनी है।

सत्र के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के साथ मंत्री केदार कश्यप, मंत्री दयालदास बघेल और मंत्री रामविचार नेताम द्वारा सदन के पटल पर विभिन्न पत्र रखे जाएंगे। वहीं विधानसभा में दो ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भी लगाए गए हैं, जिन्हें विधायक भावना बोहरा और विधायक ब्यास कश्यप द्वारा प्रस्तुत किया जाएगा।

इसके अतिरिक्त सभापति गोमती साय द्वारा भी सदन में प्रतिवेदनों की प्रस्तुति की जाएगी। विधानसभा में आज से अनुदान मांगों पर चर्चा की शुरुआत हो गई है, जिसमें उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा से जुड़े विभागों की मांगों पर विचार किया जाएगा।

सत्र के पहले दिन ही महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर सदन में तीखी बहस होने की संभावना जताई जा रही है।

हिंदी हिन्दुस्तान की स्वीकृति से एचटीडीएस कॉन्टेंट सर्विसेज़ द्वारा प्रकाशित